जींद : मोबाइल छीन फरार होने के दो आरोपित गिरफ्तार
जींद, 17 जून (हि.स.)। शहर थाना नरवाना पुलिस ने मोबाइल छीनने की वारदात का मात्र 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपितों से छीना छपटी की अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
गांव बेलरखां निवासी संदीप ने शहर थाना नरवाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को वह कार्यवश बाहर आया हुआ था। रास्ते में हरियल चौक नरवाना के पास मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आए और उनमें से एक युवक ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया तथा अपने साथियों सहित मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाया लेकिन बाइक सवारों का कोई सुराग नही लगा था। जिस पर पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। उप निरीक्षक पवन कुमार ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर हिसार रोड नरवाना निवासी सचिन व पंतराम नगर नरवाना निवासी विशाल को उनके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपितों की निशानदेही पर शिकायतकर्ता से छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। एसपी कुलदीप सिंह ने कहा कि जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, छीना छपटी अथवा संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा