सिरसा: घर से चला रहा था मेडिकल नशे का अवैध कारोबार, गिरफ्तार

 


सिरसा, 30 जून (हि.स.)। पुलिस ने घर से मेडिकल नशे का अवैध कारोबार कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर हजारों प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की हैं। ड्रग कंट्रोलर विभाग व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को रंगें हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद गोलियों को ड्रग विभाग के हवाले कर दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सिरसा शहर के सी ब्लॉक क्षेत्र में एक मकान में नशीली गोलियां बेचने का धंधा किया जा रहा है।

ड्रग इंस्पेक्टर सुनील कुमार और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। पुलिस ने मौके से आरोपी जब्बार को पांच हजार प्रतिबंधित नशीली गोलियां और कैप्सूल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

बरामद दवाइयों को कब्जे में लेकर आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर सुनील कुमार के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी मेडिकल स्टोर संचालक या अन्य व्यक्ति की प्रतिबंधित दवाइयों के अवैध कारोबार में संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बड़ागुढ़ा क्षेत्र से बाइक सवार युवक को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। बड़ागुड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान सुरेश कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान गांव पन्नीवाला से रघुआना की ओर जा रही थी। नहर पुल रघुआना के पास एक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ कर भागने लगा।

पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सिरसा जिला निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ बड़ागुढ़ा थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma