जींद : सड़क हादसों में एक युवक सहित दो लोगों की मौत
जींद, 27 फ़रवरी (हि.स.)। जिला में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक युवक सहित दो लोगों की मौत हो गई। संबंधित थाना पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर फरार अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव किनाना निवासी 25 वर्षीय विकास कार्यवश शहर में आया हुआ था। गुरूवार रात वह बाइक पर सवार होकर घर वापस लौट रहा था। एचपी गैस प्लांट के निकट पीछे से तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें विकास गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देकर कार चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उपचार के दौरान विकास की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों को जायजा लिया। मृतक के पिता रणधीर ने पुलिस को बताया कि विकास गांव में कपड़े की दुकान चलाता था। विकास की शादी लगभग चार माह पहले हुई थी। सदर थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, गांव शाहपुर निवासी 50 वर्षीय सुलतान कार्यवश साइकिल पर सवार होकर शहर की तरफ आ रहा था। जब वह गांव अमरहेड़ी के निकट पहुंचा तो तेज रफ्तार स्कार्पियो गाड़ी ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। जिसमें सुलतान की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई रामेहर की शिकायत पर फरार गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा