जींद : प्लाट की सौदेबाजी कर आठ लाख हड़पे

 


जींद, 12 सितंबर (हि.स.)। शहर थाना पुलिस ने विजय नगर का नक्शा दिखा कर प्लाट की सौदबाजी कर आठ लाख 84 लाख रुपये हड़पने पर शिकायत के आधार पर महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

हिसार निवासी सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव शामड़ी सिसाणा निवासी मुनेश, ईश्वर, गांव गढ़ी राजलू निवासी प्रवेश जींद में प्रोपर्टी डीलर का काम करते हैं। जनवरी 2013 में प्लाट के सिलसिले में आरोपितों से मुलाकात हुई। आरोपितों ने कहा कि उन्होंने ग्रुप बना कर कालोनी काटी हुई है। आरोपितों ने उसे विजय नगर का नक्शा दिखाया। झांसेें में आकर उसने एक प्लाट का सौदा आरोपितों से कर लिया। 249 गज प्लाट का सौदा आठ लाख 59 हजार 50 रुपये में तय हुआ। मृतक सुनील कुमार के एग्रीमेंट का हवाला देकर सौदा किया गया। आरोपितों ने सामूहिक रूप से उस से प्लाट के पड़ोसी के मकान में 24 हजार रुपये अतिरिक्त राशि देकर लगभग आठ लाख 84 हजार दे कर एग्रीमेंट कर लिया गया।

आरोपितों ने रजिस्ट्री खुलने पर रजिस्ट्री करवाने का आश्वासन दिया। बावजूद इसके आरोपितों ने लंबा समय बीत जाने के बाद उसके प्लाट की रजिस्ट्री नहीं करवाई। बाद में उसे पता चला कि आरोपित ने एग्रीमेंट किए गए प्लाट को दूसरी पार्टी को बेच दिया है। आरोपित न तो उसके प्लाट की रजिस्ट्री करवा रहे हैं और न ही प्लाट लौटाने से मना कर रहे हैं। शहर थाना पुलिस ने सुनील की शिकायत पर मुनेश, ईश्वर तथा प्रवेश के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को जानकारी देते हुए शहर थाना के जांच अधिकारी मनजीत ने बताया कि प्लाट की सौदेबाजी कर राशि हड़पने की शिकायत मिली थी। फिलहाल तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा