जींद : साइबर ठगों ने दो उपभोक्ताओं के खाते से गायब किए साढ़े तीन लाख
जींद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगों द्वारा दो उपभोक्ताओं के साढ़े तीन लाख रुपये ठग लिए गए। साइबर थाना पुलिस ने पीडि़तों की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव डूमरखां कलां निवासी प्रमिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 29 सितंबर को उसके व्हाट्सअप पर कॉल आई। जिसने कहा कि उसके पास पार्सल भेजा है। कुछ समय के बाद दूसरे नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट से बोल रहा है। उसने पार्सल आने की बात भी कही। कॉल करने वाले ने कहा कि पार्सल का वजन ज्यादा है।
इसके लिए उसे 18020 रुपये भेजने होंगें। जिसके लिए उसने स्कैनर को भेजा। उसने राशि को अपने जानकार के खाते से भेज दिया। जिसके बाद उसके फोन पर काल आई। जिसने कहा कि पार्सल मे सोने के जेवरात तथा हीरे, विदेशी करंसी है। जिसके बाद कोई न कोई बहाना बना कर उससे रुपये डलवाते रहे। यह सिलसिला सितंबर तक जारी रही। पार्सल के नाम पर उससे दो लाख रुपये एक हजार बीस रुपये वसूले गए। बार-बार रुपये मांगे जाने पर उसे ठगी का अहसास हुआ। मंगलवार को जानकारी देते हुए साइबर थाना के जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने प्रमिला की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खाते गायब हुए डेढ़ लाख रुपये, धोखाधड़ी का मामला दर्ज
राजीव कालोनी सफीदों निवासी अमित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मार्केटिंग का कार्य करता है। उसका बैक ऑफ बड़ौदा का क्रेडिट कार्ड है। जिसके साथ उसका मोबाइल नंबर जुड़ा हुआ है। गत दो अक्टूबर को उसके खाते से लगतार रुपये कटने के मैसेज आए। जब तक वह संभलता तब तक उसके खाते से एक लाख 51 हजार 220 रुपये गायब हो चुके थे। उसके खाते से पांच ट्रांजेक्शन की गई थी। जबकि उसने न तो कोई ओटीपी शेयर किया और न ही कोई लिंक क्लिक किया गया था। साइबर थाना के जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि खाते से राशि गायब होने की शिकायत मिली थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा