जींद : नशीला खाना खिला लाखों के जेवरात व नकदी ले उड़ा घरेलू नौकर

 


जींद, 07 नवंबर (हि.स.)। नरवाना स्थित बंसत विहार में नेपाली नौकर ने परिवार के तीन सदस्यों को खाने में नशीला पदार्थ दे दिया। जिसके बाद आरोपित मकान से लगभग 25 लाख रुपये के जेवरात व नगदी लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नरवाना की बसंत विहार निवासी अनु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मोहाली (पंजाब) में रहती है। बसंत विहार मे उसके पिता रामफल, मां शर्मिला तथा दादी भरपाई रहती है। घर में खाना बनाने के लिए गांव बंगला चूली डांग (नेपाल) निवासी कृष्ण बहादुर को रखा हुआ था।

शुक्रवार रात कृष्ण ने उसके परिजनों को कोई नशीला पदार्थ खाने में दे दिया। जिससे उसके परिजन बेसुध हो गए। जिसके बाद आरोपित घर से बीस तोले साने के जेवरात, लगभग दस लाख रुपये की नगदी को लेकर फरार हो गया। घटना का उस समय पता चला जब उसके परिजन देर तक सो कर नही उठे। पड़ोसियो ने अंदर जाकर देखा तो तीनों बेसुध बैड पर लेेटे हुए थे। उन्होंने तीनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया और सूचना पुलिस को दी।

शहर थाना नरवाना पुलिस ने अनु की शिकायत पर आरोपित फरार नौकर कृष्ण बहादुर के खिलाफ नशीला पदार्थ देकर चोरी करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को जानकारी देते हुए शहर थाना के जांच अधिकारी बलवान सिंह ने बताया कि नौकर द्वारा परिजनों को नशीला पदार्थ देकर चोरी की शिकायत मिली थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा