जींद : शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण

 


जींद, 04 अक्टूबर (हि.स.)। शहर थाना नरवाना पुलिस ने युवती को शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने तथा जबरन गर्भपात करवाने पर दो युवकों के खिलाफ यौन शोषण करने, धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। जिन युवकों पर आरोप लगे हैं, दोनों भाई हैं। शहर थाना नरवाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शहर थाना नरवाना क्षेत्र की एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि धर्म सिंह कालोनी निवासी दीपक ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबध बना लिए। यह सिलसिला एक मार्च से गत एक जून तक जारी रहा। जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। आरोपित ने उसका जबरन गर्भपात करवा दिया। जब भी वह दीपक से शादी की बात करती तो आरोपित कुछ समय इंतजार करने की बात करता।

गर्भपात करवाने के बाद जब उसने शादी के लिए दबाव डाला तो आरोपित ने शादी करने से साफ मना कर दिया। जिस पर उसने दीपक के बड़े भाई विकास को घटना के बारे में करवाया। आरोपित विकास ने उसको बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। जिस पर उसने मामले की शिकायत शहर थाना नरवाना पुलिस को दी।

पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपित दीपक तथा उसके भाई विकास के खिलाफ यौन शोषण करने, धमकी देने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार को जानकारी देते हुए शहर थाना नरवाना की जांच अधिकारी गीता ने बताया कि पीडि़ता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दोनों भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा