जींद : जेसीबी ने मारी टक्कर, बाइक सवार युवक की मौत

 


जींद, 02 मार्च (हि.स.)। नरवाना खंड के गांव लौन में गोदाम के निकट तेज रफ्तार जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर गढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।

पुलिस ने मृतक के ताऊ की शिकायत पर जेसीबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव लौन निवासी रितेश रविवार सायं बाइक पर सवार होकर नरवाना की तरफ खेत में जा रहा था। रजबाहा के निकट रॉग साइड से आ रही तेजरफ्तार जेसीबी ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें रितेश गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालात में रितेश को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर गढ़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। जेसीबी चालक की पहचान गांव बिधराणा निवासी जयपाल के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। गढ़ी थाना पुलिस ने मृतक के ताऊ धर्मपाल की शिकायत पर जेसीबी चालक जयपाल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा