हिसार में नशा छोड़ने की राह में अकेला नहीं कोई, घर की चौखट तक पहुंच रही पुलिस
मोडाखेड़ा और आदमपुर मंडी में जागरूकता अभियान
आठ नशा पीड़ितों के घर पहुंचकर उपलब्ध कराई आयुर्वेदिक
दवा
हिसार, 03 अक्टूबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ पुलिस
का अभियान अब जागरूकता के साथ नशा पीड़ितों तक सहायता पहुंचाने पर भी केंद्रित हो गया
है। इसी कड़ी में जिला पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव मोडाखेड़ा
व आदमपुर मंडी में जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों
के प्रति जागरूक करते हुए नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देने की अपील की।
नशा मुक्ति टीम ने गांवों में नुक्कड़ सभाओं के
माध्यम से नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी
दी। टीम ने ग्रामीणों से नशे के खिलाफ पुलिस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और
अपने आसपास के युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने के लिए परिवार एवं समाज के
स्तर पर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
अभियान के दौरान मोडाखेड़ा क्षेत्र में तीन नशा
पीड़ितों की पहचान की गई। इसके अलावा नशा मुक्ति पुलिस टीम ने कुल आठ नशा पीड़ितों
के घर पहुंचकर उन्हें पहली बार आयुर्वेदिक दवा उपलब्ध करवाई। टीम ने नशा पीड़ितों और
उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें नशे से बाहर आने के लिए निरंतर सहयोग लेने के लिए
प्रेरित किया।
टीम ने ग्रामीणों से नशे की बिक्री और सप्लाई
से जुड़े लोगों की जानकारी पुलिस के साथ साझा करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि नशे
के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर