हांसी के उत्तम नगर में गली के लेवल पर बवाल, पुलिस पहुंची मौके पर
निर्माण पर जताया एतराज, बोले- तीन से चार इंच ऊंची गली बनने से जलभराव का
खतरा
दूसरे पक्ष ने विकास कार्य में बाधा डालने के लगाए आरोप
हांसी, 24 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के उत्तम नगर में गली के लेवल पर विवाद खड़ा
हो गया। गली निर्माण के दौरान करीब 70 से 80 परिवारों ने काम पर एतराज जताते हुए आरोप
लगाया कि गली का लेवल तीन से चार इंच ऊंचा किया जा रहा है। इससे बरसात के दिनों में
पानी की निकासी प्रभावित होने और घरों के आसपास जलभराव की समस्या पैदा होने का खतरा
है। विवाद बढ़ने पर नगर परिषद अधिकारियों को मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। फिलहाल पुलिस
की मौजूदगी में गली का निर्माण कार्य जारी है।
कॉलोनीवासियों ने शनिवार काे कहा कि गली का निर्माण पास में स्थित ड्रेन की तरफ उचित
ढलान रखते हुए किया जाना चाहिए, ताकि बरसात का पानी आसानी से निकल सके। लोगों ने आशंका
जताई कि यदि गली का लेवल ऊंचा कर दिया गया तो बारिश के दौरान पानी की निकासी बाधित
हो सकती है और इसका खामियाजा पूरी कॉलोनी के परिवारों को भुगतना पड़ सकता है। कुछ स्थानीय
लोगों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में कुछ लोग अधिकारियों तक अपनी पहुंच का हवाला देकर
गली का लेवल तय करने की प्रक्रिया को प्रभावित कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित
पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गली के लेवल को लेकर वे दो बार विधायक विनोद भ्याना
से मुलाकात कर चुके हैं। लोगों का दावा है कि विधायक ने संबंधित अधिकारियों को जीरो
लेवल के अनुसार गली का निर्माण करवाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद विवाद का समाधान
नहीं हो पाया और निर्माण कार्य के दौरान विरोध की स्थिति बन गई। कॉलोनीवासियों की मांग
है कि निर्माण से पहले जल निकासी की व्यवस्था और गली के लेवल को लेकर उनकी आशंकाओं
का समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान परेशानी न हो।
गली निर्माण को लेकर बढ़ते विवाद के बीच मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट जयवीर सिंह
को तैनात किया गया। उन्होंने नगर परिषद के एमई के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा
लिया। अधिकारियों के अनुसार, गली का निर्माण नियमानुसार जीरो लेवल पर किया जा रहा है
और लेवल लोगों की मांग के अनुरूप रखा जा रहा है। दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ लोग
गली सहित अन्य विकास कार्यों को आगे नहीं बढ़ने दे रहे हैं।
दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप के चलते मामला फिलहाल विवाद का विषय बना
हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर