कैथल: अपराध रोकने के लिए पुलिस को गश्त बढ़ाने के निर्देश
कैथल, 28 सितंबर (हि.स.)। जिला पुलिस लाइन में सोमवार को जनरल परेड का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। परेड के दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर नजर रखने के निर्देश दिए।
डीएसपी बीर भान ने पुलिसकर्मियों को बेहतर पुलिसिंग के लिए लगातार क्षेत्र में मौजूद रहने को कहा। उन्होंने कहा कि अपराध की रोकथाम के साथ अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। पुलिसकर्मी आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार रखें और अपराधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करें।
राइडर्स और डायल-112 वाहनों का किया निरीक्षण
परेड के बाद डीएसपी बीर भान, डीएसपी रमेश चंद्र और डीएसपी रोहताश ने पुलिस लाइन में राइडर्स बाइक और डायल-112 की इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों और उनमें उपलब्ध उपकरणों को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
राइडर्स और डायल-112 पर तैनात कर्मचारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग करने तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने को कहा गया। अधिकारियों ने कर्मचारियों से उनके क्षेत्र की जानकारी भी ली। उन्हें निर्देश दिए गए कि संबंधित क्षेत्र में आने वाले एटीएम, बैंक, स्कूल, कॉलेज और सरकारी भवनों की जानकारी पुलिसकर्मियों को होनी चाहिए। इसके अलावा नाकों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को भी ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।
न्याय संहिता के पालन की ली शपथ
कार्यक्रम के दौरान जिला पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय न्याय संहिता, 2023 के प्रावधानों का पालन करने की शपथ भी ली। पुलिसकर्मियों ने कानून के प्रति निष्ठा, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा आमजन को न्याय दिलाने के लिए तत्पर रहने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी रमेश चंद्र, सभी थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी, ओएसआई प्रवेश, सीडीआई अजय सहित एसपी कार्यालय में तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे