जींद: जापान भेजने का झांसा देकर 11 लाख रुपये ठगे
जींद, 14 नवंबर (हि.स.)। उचाना थाना पुलिस ने जापान भेज कर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 11 लाख रुपये हड़पने पर एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव उचाना कलां निवासी रोहित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका संपर्क वर्ष 2025 में पटियाला चौक पर विदेश भेजने का कार्यालय चलाने वाले सोमबीर से हुआ। जिसने बताया कि वह युवकों को विदेश भेज कर नौकरी दिलाता है। उसने जापान भेज कर रोजगार का आश्वासन दिया। जिसमें एक लाख 70 हजार रुपये वेतन दिलाने की बात कही। उसने घर के जेवरातों पर लोन लेकर तीन लाख रुपये सोमबीर को दे दिए। जिसके बाद गत दो जनवरी को पांच लाख रुपये आरोपित को दे दिए। आठ जनवरी को तीन लाख रुपये आरोपित के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से भेज दिए। जिसके बाद आरोपित ने कहा कि 45 दिन इंडोनेशिया में रहने के बाद उसे जापान भेज दिया जाएगा।
वह काफी दिनों तक इंडोनेशिया में अटका रहा। वह होटल के कमरे में बंधक बन रहा। उसे जापान नही भेजा गया। जब उसने देश वापस आने की बात कही कि तो उसे कहा गया कि वह वीडियो रिकार्ड कर कहे कि वह अपनी मर्जी से देश वापस लौट रहा है। परिजनों द्वारा शिकायत दिए जाने की धमकी देने उसे वापस देश भेजा गया। तब सोमवीर उस से 11 लाख रुपये ऐंठ चुका था। जब उसने सोमबीर से राशि वापस मांगी तो उसने राशि वापस लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। उचाना थाना पुलिस ने रोहित की शिकायत पर आरोपित सोमबीर के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शनिवार को जानकारी देते हुए उचाना थाना के जांच अधिकारी सचिन ने बताया कि विदेश भेजने का झांसा भेज कर राशि हड़पने की शिकायत मिली थी। फिलहाल आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा