जींद : टैक्ट्रर ट्राली से टक्कर में बाइक सवार दो लोगों की मौत
जींद, 12 नवंबर (हि.स.)। उचाना खंड के गांव काकडौद के निकट ट्रैक्टर ट्राली से हुई भिड़ंत में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। उचाना थाना पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया था। पुलिस ने मृतक के चाचा की शिकायत पर फरार ट्रैक्टर ट्राली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव काकडौद निवासी 32 वर्षीय संदीप उचाना मंडी में पेस्टीसाइड की दुकान चलाए हुए था जबकि 45 वर्षीय गांव काकडौद निवासी रणधीर मंडी में फसल बेचने के लिए गया हुआ था। बुधवार रात दोनों बाइक पर सवार होकर उचाना मंडी से अपने घर वापस लौट रहे थे। जब दोनों गांव के निकट पहुंचे तो उनकी बाइक सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से जा टकराई। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना को अंजाम चालक ट्रैक्टर ट्राली समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने दोनों को नागरिक अस्पताल उचाना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पाकर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। मृतक संदीप के चाचा राममेहर ने पुलिस को बताया कि दोनों बाइक पर सवार होकर उचाना मंडी से घर लौट रहे थे। गांव के निकट ही सड़क पर खड़े ट्रैक्टर ट्राली के पीछे से उनकी बाइक जा भिड़ी। जिसमें दोनों की मौत हो गई। गुरूवार को जानकारी देते हुए उचाना थाना के जांच अधिकारी रविंद्र ने बताया कि पुलिस ने मृतक संदीप के चाचा राममेहर की शिकायत पर फरार आरोपित अज्ञात ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा