हिसार : अवैध हथियार-नशे के खिलाफ पुलिस का शिकंजा, 442 आरोपी गिरफ्तार
आठ माह में आर्म्स एक्ट के 83 और एनडीपीएस एक्ट के 161 मामले दर्ज
हथियार, कारतूस और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद
हिसार, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले में अवैध हथियार, नशा, अवैध शराब और जुआ-सट्टे
के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस साल एक जनवरी से 31 अगस्त तक पुलिस
ने विभिन्न अधिनियमों के तहत कार्रवाई करते हुए सैकड़ों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आर्म्स एक्ट के तहत पुलिस ने 83 मामले दर्ज कर 128 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 26 गन/तमचे, 32 पिस्टल, दो रिवाल्वर, चार चाकू, तीन तलवार/बरछे,
सात मैगजीन, 124 जिंदा और आठ खाली कारतूस बरामद किए गए। पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने,
खरीदने-बेचने और अपराधों में इनके इस्तेमाल करने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही
है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत 161 मामले दर्ज कर 314 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इनमें नौ मामले कमर्शियल मात्रा के हैं। आरोपियों से 12 किलो 900 ग्राम अफीम, 664 किलो
500 ग्राम डोडा चूरा पोस्त, 2 किलो 800 ग्राम हेरोइन/चिट्टा, 56 किलो गांजा, 5 किलो
700 ग्राम सुल्फा, 2552 नशीली गोलियां और 480 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। आबकारी अधिनियम के तहत 141 मामले दर्ज कर 154 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा जुआ अधिनियम के तहत 14 मामले दर्ज कर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इनके कब्जे से 8 लाख 22 हजार 665 रुपये की जुआ राशि बरामद हुई। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि अवैध हथियार अपराधों को अंजाम देने का
बड़ा माध्यम हैं। ऐसे तत्वों की पहचान के लिए चेकिंग, नाकाबंदी, गश्त और खुफिया तंत्र
को सक्रिय रखा गया है। नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के साथ अवैध हथियार, शराब और जुआ-सट्टे
में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर