पलवल में नशा तस्करों पर पुलिस का प्रहार, गांजा बेचते दो दबोचे

 

आराेपियाें से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद

पलवल, 30 मार्च (हि.स.)। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर दो नशा तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से कुल 952 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर विश्व गौरव ने सोमवार को बताया कि एसआई महाबीर सिंह के नेतृत्व में एक टीम आगरा चौक के पास गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि ट्रैक्टर मार्केट निवासी अशफाक नशीले पदार्थ बेचने का काम कर रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान अशफाक के पास से दो पॉलिथीन बरामद हुईं, जिनमें 127 छोटी पुड़ियों में कुल 674 ग्राम गांजा भरा हुआ था।

नशा तस्करी के खिलाफ दूसरी कार्रवाई एएसआई सूबे सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि राजीव नगर निवासी प्रमोद अपने घर से ही नशे का कारोबार चला रहा है। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की और प्रमोद को ग्राहकों को गांजा बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 278 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बरामद किए गए मादक पदार्थ को सील कर कब्जे में ले लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इन तस्करों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ की जाएगी कि वे यह नशा कहाँ से लाते थे और इस अवैध धंधे के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग