हांसी : पशु क्रूरता पर पुलिस की सख्ती, 17 पशुओं से भरा कैंटर पकड़ा
हांसी, 24 जुलाई (हि.स.)। पशु क्रूरता के खिलाफ
कार्रवाई करते हुए हांसी पुलिस ने शुक्रवार काे एक कैंटर से 17 पशुओं को अमानवीय परिस्थितियों में
ले जाते हुए पकड़कर, तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे
में लेकर सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकलवाया।
पुलिस के अनुसार, डायल-112 पर सूचना मिली थी कि
दिल्ली-हांसी रोड पर एक कैंटर में बड़ी संख्या में पशुओं को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा
रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी शेखपुरा की ईआरवी टीम गांव ढाणी शोभा के पास पहुंची
और कैंटर को रुकवाकर जांच की। जांच के दौरान कैंटर के अंदर 12 भैंस और 5 छोटे
कटड़े बेहद तंग एवं अमानवीय परिस्थितियों में भरे हुए मिले। इसके बाद पुलिस चौकी शेखपुरा
की टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को कब्जे में लिया और सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकलवाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कैंटर चालक पंजाब
के फाजिला निवासी राकेश कुमार के अलावा पशु व्यापार से जुड़े यूपी के शामली निवासी
नोमान व मुजफ्फरनगर निवासी बिलाल इस्तखार को हिरासत में लिया। पुलिस चौकी शेखपुरा में तैनात सहायक उप निरीक्षक
सत्यवान ने शुक्रवार काे बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सदर हांसी में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम
की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है
और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर