हिसार में नशे के खिलाफ जागरूकता के साथ पीड़ितों को उपचार से जोड़ रही पुलिस
शाहपुर, अनाज मंडी और राजगुरु मार्केट में नुक्कड़
सभाएं, 12 नशा पीड़ितों तक घर पहुंचाई आयुर्वेदिक दवाइयां
हिसार, 13 नवंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ अभियान
को केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित रखने के बजाय पुलिस अब नशे की लत से जूझ रहे
लोगों को उपचार से जोड़ने पर भी जोर दे रही है। नशा मुक्ति टीम ने गांव शाहपुर, अनाज
मंडी और राजगुरु मार्केट में नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर लोगों को नशे के दुष्परिणामों
के प्रति जागरूक किया, वहीं, 12 नशा पीड़ितों को आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं
और नागरिक अस्पताल में भी जांच, काउंसलिंग व उपचार की सुविधा दिलवाई गई।
नशा मुक्ति टीम ने शुक्रवार काे थाना सदर हिसार के गांव शाहपुर
तथा थाना शहर क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 स्थित अनाज मंडी और वार्ड नंबर-2 स्थित राजगुरु
मार्केट में लोगों के बीच पहुंचकर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नशे से होने वाले
शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। लोगों को बच्चों
और युवाओं को शिक्षा, खेलों तथा सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए प्रेरित किया
गया।
नशा मुक्ति टीम ने उपचार अभियान के तहत एक नशा
पीड़ित को पहली बार नागरिक अस्पताल में एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध करवाईं।
उसके ब्लड टेस्ट करवाने के साथ काउंसलिंग भी करवाई गई। इसके अलावा छह नशा पीड़ितों
को दूसरी बार नागरिक अस्पताल से दवाइयां दिलवाई गईं। टीम ने गांव शाहपुर सहित जिले
के विभिन्न क्षेत्रों में पांच नशा पीड़ितों के घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाइयां
उपलब्ध करवाईं। पुलिस के अनुसार कुल 12 नशा पीड़ितों को घर पर ही आयुर्वेदिक दवाइयां
पहुंचाई गईं, ताकि उनका उपचार निरंतर जारी रह सके।
नशे के खिलाफ लड़ाई सामूहिक जिम्मेदारी : एसपी
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि नशे के
खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस
नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को उपचार
और सही मार्गदर्शन दिलाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी प्रयासरत है। उन्होंने
आमजन से नशे की बिक्री या तस्करी की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने
कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर