हिसार: हांसी में निहत्थे लोगों पर पुलिस बर्बरता बेहद निंदनीय : वजीर पूनिया

 


हिसार, 17 अगस्त (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं ऑल इंडिया राहुल गांधी

कांग्रेस कमेटी के सदस्य वजीर सिंह पूनिया ने कहा है कि 15 अगस्त को हांसी में निहत्थे

लोगों पर पुलिस द्वारा की गई कथित बर्बर कार्रवाई बेहद निंदनीय और लोकतांत्रिक व्यवस्था

के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि लोग अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के

सामने रखने और उनसे मिलने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस

ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज किया। महिलाओं और बेटियों तक के सिर फोड़े जाने की

घटनाएं सामने आना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को ऐसी कार्रवाई की निष्पक्ष जांच

करवानी चाहिए।

वजीर सिंह पूनिया ने साेमवार काे कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री स्वतंत्रता दिवस पर हांसी में

तिरंगा फहराने आए, वहीं दूसरी तरफ जब आम नागरिक अपनी समस्याएं और पीड़ा उनके सामने

रखने के लिए पहुंच रहे थे, तो उनकी आवाज सुनने के बजाय पुलिस के डंडों का सामना करना

पड़ा। यह लोकतंत्र की भावना के बिल्कुल विपरीत है। सरकार को जनता की बात सुननी चाहिए,

न कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों पर बल प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने

सूर्यनगर के जीवन हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि घटना के 13 दिन बीत जाने के बावजूद

यदि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है तो यह कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े

करता है। उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस और कानून का भय समाप्त होता दिखाई दे

रहा है। प्रदेश में लगातार हत्या, गोलीबारी, नशे और अपराध की घटनाएं चिंता का विषय

बनी हुई हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री को प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था,

बढ़ते अपराध और नशे की समस्या पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर