कैथल: एसपी कार्यालय की शाखाओं में बड़ा फेरबदल, कई अधिकारियों के बदले प्रभार
कैथल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस विभाग में प्रशासनिक जरूरत और कार्य व्यवस्था के तहत एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कार्यालय की कई महत्वपूर्ण शाखाओं के प्रभार में शनिवार काे बदलाव किया गया। एसपी रीडर समेत विभिन्न शाखाओं में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसके साथ ही गुहला और कलायत थाना प्रभारियों में भी बदलाव किया गया है।
जारी आदेशों के अनुसार एसआई तरसेम को एसपी रीडर के पद से हटाकर समीक्षा शाखा का इंचार्ज लगाया गया है। समीक्षा शाखा में तैनात इंस्पेक्टर शिव कुमार सैनी को थाना गुहला का प्रभारी बनाया गया है। गुहला थाना प्रभारी एसआई रणदीप को थाना कलायत की जिम्मेदारी दी गई है। कलायत थाना प्रभारी रहे इंस्पेक्टर रमेश चंद्र को पुलिस लाइन भेजा गया है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट में भी बदलाव किया गया है। यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार चोट लगने के कारण अवकाश पर हैं। ऐसे में पीएसआई संदीप को एसआईएस से स्थानांतरित कर स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट का इंचार्ज बनाया गया है।
इसके अलावा एएसआई प्रवेश को सेना लिपिक (ओएसआई) से हटाकर सिक्योरिटी इंचार्ज लगाया गया है। एसआई रेखा को समन स्टाफ से शिकायत शाखा की जिम्मेदारी दी गई है। एएसआई रामपाल को आर्थिक अपराध शाखा से एमटीओ इंचार्ज बनाया गया है। वहीं पीएसआई शुभ्रांशु को एंटी इमीग्रेशन शाखा से सेना लिपिक (ओएसआई) लगाया गया है। एमटीओ में तैनात एएसआई इकबाल को एंटी इमीग्रेशन शाखा में भेजा गया है। पीएसआई अमन को समीक्षा शाखा से स्थानांतरित कर एंटी इमीग्रेशन शाखा का इंचार्ज लगाया गया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस विभाग में अधिकारियों के तबादले और प्रभार में बदलाव प्रशासनिक जरूरत तथा कार्य व्यवस्था के अनुसार रूटीन प्रक्रिया के तहत किए गए हैं। सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे