जींद : पिकअप व ट्रक से 3867 किलो विस्फोटक सामग्री व पटाखे बरामद
जींद, 06 जून (हि.स.)। असंध-सफीदों रोड स्थित गांव रोहड बस अड्डा के पास सीआईए स्टाफ सफीदों ने पिकअप और ट्रक को काबू कर उसमें से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री व पटाखे बरामद किए हैं। जिनका वजन 3,867 किलो मिला है। पुलिस ने दोनों वाहनों से तीन लोगों को काबू कर उनके खिलाफ एक्सपलोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
सीआईए स्टाफ सफीदों के प्रभारी उप निरीक्षक राधेश्याम ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि पांच जून शाम को उनकी टीम अपराध की रोकथाम के लिए असंध-सफीदों रोड स्थित गांव रोहड बस अड्डा के पास मौजूद थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो वाहनों में भारी मात्रा में पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री को लेकर जाया जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी गई। वहां पुलिस को पिकअप तथा ट्रक खड़े मिले। पुलिस ने तुरंत उनके से तीन लोगों को पकड़ लिया।
उनसे पूछताछ की तो उन्होंने कोरड़ा जिला कैथल निवासी जसबीर उर्फ, महीपाल तथा गांव धनौली करनाल निवासी नीरज के तौर पर बताई। फायर ब्रिगेड विभाग को मौके पर बुला कर गाडिय़ों में लोड गत्ते की पेटियों की जांच करवाई गई। जांच में सभी पेटियों में पटाखे एवं विस्फोटक सामग्री पाई गई। पुलिस ने दोनों वाहनों से कुल 595 गत्ता पेटियां बरामद की गई।
जिनका कुल वजन 3867 किलो 500 ग्राम मिला। आरोपियों से बरामद सामग्री संबंधी लाइसेंस मांगा तो उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने सामग्री सील कर और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा