जींद मेंं हेरोइन समेत पंजाब के दो नशा तस्कर काबू
जींद, 07 मई (हि.स.)। जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसी कड़ी में गढ़ी थाना पुलिस ने 5.17 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों से नशा तस्करी को लेकर पूछताछ कर रही है।
गढ़ी थाना प्रभारी मनोज कुमार ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि उनकी एक टीम महिला उपनिरीक्षक मीना देवी के नेतृत्व में अपराध रोकथाम हेतु गांव गढ़ी बस अड्डा के पास मौजूद थी। तभी सूचना मिली कि दो युवक मोटरसाइकिल लेकर गांव पीपलथा से रेवर रोड की तरफ हेरोइन बेचने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस ने दोनों को मोटरसाइकिल सहित काबू कर लिया। पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने अपनी पहचान बकराह, पटियाला (पंजाब) निवासी हरबंस व विक्रमजीत के रूप में बताई। दोनों आरोपितों कि नियमानुसार तलाशी लेने पर विक्रमजीत के कब्जे से एक काले रंग के लिफाफे में हेरोइन बरामद हुई। जिसका वजन 5.17 ग्राम पाया गया। गढ़ी थाना पुलिस ने दोनों नशा तस्करों के खिलाफ नशीले पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा किनशा तस्करी अथवा अन्य अपराध संबंधी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें ताकि समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास सफल हो सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा