सिरसा: होली पर्व को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए
सिरसा, 01 मार्च (हि.स.)। होली पर्व काे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। होली पर्व पर हुड़दंग, तेज रफ्तार वाहन चलाने, बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे छोडक़र दहशत फैलाने तथा शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में यातायात पुलिस सहित सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने रविवार को बताया कि जिला के सभी कस्बों, नेशनल हाइवे तथा मुख्य मार्गों पर विशेष नाकाबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर नजर रखी जा रही है। असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने और उन पर पैनी नजर रखने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त के साथ-साथ दिन एवं रात्रि गश्त में भी बढ़ोतरी करें तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखें।
जिला की सीमाओं पर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी। पंजाब एवं राजस्थान से लगती सीमाओं पर चौकसी बढ़ाते हुए वहां से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की जांच की जाएगी। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सिरसा शहर के साथ-साथ ऐलनाबाद, रानियां, बड़ागुढा और चोपटा कस्बों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि फाग के दिन भीड़भाड़ वाले बाजारों में वर्दीधारी पुलिस कर्मियों के अतिरिक्त सादी वर्दी में भी पुलिस तैनात रहेगी। जहां महिलाओं का अधिक आवागमन रहेगा, वहां महिला पुलिस कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। एसपी दीपक सहारण ने कहा कि होली का पर्व पूरी सुरक्षा, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराया जाएगा तथा नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma