यमुनानगर:पुलिस कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर घायल, केस दर्ज

 

यमुनानगर, 15 मई (हि.स.) यमुनानगर के हमीदा क्षेत्र में बीते बुधवार रात पुलिस कार्रवाई के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर युवक घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस टीम पर पथराव करने और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

घायल युवक का उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस चौकी हमीदा में तैनात एएसआई राजेंद्र सिंह के अनुसार बुधवार रात गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि यमुनानगर निवासी विक्रांत बग्गा कुछ साथियों के साथ हनुमान मंदिर के पास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी और उसके साथी वहां से भाग निकले। पुलिस के अनुसार विक्रांत अपने घर में चला गया। बाद में पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो आरोपी ने कथित तौर पर अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया और मकान की छत पर चढ़ गया।

पुलिस का कहना है कि उसने वहां से पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर फेंके, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने बताया कि कुछ देर बाद आरोपी मकान की पिछली ओर घायल अवस्था में मिला। उसे तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक के पैर में फ्रैक्चर आया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी विक्रांत के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस मामले में भी विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है अधिकारियों के अनुसार घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है तथा मौके से संबंधित साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार