हिसार : केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी इस्तीफा दें या पीएम उनसे इस्तीफा लें : संतोष जून
एप्सटीन फाइल पर सच्चाई सामने लाए सरकार, महिला
कांग्रेस का संघर्ष जारी
हिसार, 03 मार्च (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश महिला
कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विरोध कार्यक्रम के तहत जिला महिला कांग्रेस
(ग्रामीण) की ओर से आजाद नगर में व्हाइट टी-शर्ट अभियान एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया
गया। मंगलवार काे कार्यक्रम का नेतृत्व ग्रामीण जिला अध्यक्ष संतोष जून ने किया।
तथाकथित ‘एप्सटीन फाइल’ से जुड़े गंभीर, घृणित
एवं चिंताजनक खुलासों को लेकर महिला कांग्रेस ने अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। अभियान
के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने सफेद टी-शर्ट पहनकर उस पर स्वयं ‘PM is
Compromised’ लिखकर लोकतांत्रिक जवाबदेही की मांग उठाई। ग्रामीण जिला अध्यक्ष संतोष
जून ने कहा कि नाबालिग लड़कियों एवं महिलाओं के यौन शोषण और अत्याचार के आरोपी एप्सटीन
से जुड़ी फाइल में भाजपा सरकार के केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आने
के बाद यह आंदोलन और तेज हुआ है। इस व्हाइट टी-शर्ट अभियान के माध्यम से केंद्र की
भाजपा सरकार को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि देश की जनता जागरूक और सजग है। उन्होंने
मांग की कि केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का तत्काल प्रभाव से इस्तीफा लिया जाए
या उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। सरकार नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पूरे
मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराए और सच्चाई देश के सामने रखे।
संतोष जून ने कहा कि हरियाणा में आए दिन आपराधिक
घटनाएं बढ़ रही हैं। बेटियों के साथ दुष्कर्म और अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ
रही हैं, जिन पर सरकार को तुरंत सख्त संज्ञान लेना चाहिए। महिला सुरक्षा सुनिश्चित
करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। संतोष जून ने बताया कि महिला कांग्रेस द्वारा
चार मार्च तक व्हाइट टी-शर्ट अभियान एवं हस्ताक्षर अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि
जनता की आवाज सरकार तक पहुंचे और जवाबदेही तय हो सके।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष सरोज श्योराण, कृष्णा,
खुशी, खुशबू, रामरति, सुनीता सहित अनेक महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं और अभियान में
शामिल रही। महिला कांग्रेस ने मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों
के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर