नायब सरकार के दो साल पूरे होने पर पीएम मोदी आ सकते हैं हरियाणा, अंबाला में रैली की तैयारी
-अंबाला में 1857 के शहीद स्मारक का लोकार्पण कर सकते हैं पीएम मोदी
चंडीगढ़, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा आ सकते हैं। पीएम के संभावित दौरे को लेकर नायब सरकार की ओर से तैयारियां शुरू कर दी हैं। नायब सरकार ने दो साल के कार्यकाल का जश्न शहीदों के सम्मान में मनाने की रणनीति तैयार की है। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा सरकार अंबाला में राज्य स्तरीय रैली की तैयारियां कर रही है।
हरियाणा में भाजपा सरकार के दो वर्षों का कार्यकाल 17 अक्टूबर को पूरा हो रहा है। भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे होने पर नायब सरकार इसे यादगार बनाना चाहती है। लिहाजा, पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें हरियाणा आने का निमंत्रण दिया था। नायब सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर प्रदेश की जनता को बड़ी सौगात देने की रणनीति भी तैयार कर रही है। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से अभी दौरे की तारीख और स्थान को लेकर आधिकारिक सूचना का इंतजार है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी फिलहाल, स्वीडन दौरे पर हैं। सरकार की योजना है कि हरियाणा दिवस एक नवंबर पर विशेष आयोजन किया जाए। लिहाजा, राज्य सरकार ने हरियाणा दिवस के मौके पर प्रदेश स्तरीय रैली और अंबाला शहीद स्मारक के लोकापर्ण की योजना तैयार की है।
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे का सबसे प्रमुख आकर्षण अंबाला में बनकर लगभग तैयार 1857 की क्रांति के शहीदों की स्मृति में निर्मित भव्य शहीद स्मारक हो सकता है। इस स्मारक का निर्माण स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के बलिदान और उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से किया गया है। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने भी संकेत दिया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस स्मारक का उद्घाटन करेंगे। यदि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय होता है, तो शहीद स्मारक का लोकार्पण प्रदेश के ऐतिहासिक महत्व से जुड़े बड़े आयोजनों में शामिल हो सकता है। इसके साथ ही राज्य में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी संभावित कार्यक्रम का हिस्सा बन सकता है। हालांकि, इन आयोजनों को लेकर अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री के दौरे की आधिकारिक रूपरेखा सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा