प्रधानमंत्री ने कुरुक्षेत्र के 'महाभारत अनुभव केंद्र' के अनुभव को देशवासियों के साथ किया साझा

 


चंडीगढ़, 30 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पांच दिन पहले कुरुक्षेत्र में जो अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में अनुभव प्राप्त किया, वह उनके दिल को आनंदित कर गया। रविवार को अपने 'मन की बात' कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कुरुक्षेत्र में महाभारत अनुभव केंद्र का जिक्र देशवासियों के साथ किया।

प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' कार्यक्रम में कहा कि हरियाणा के कुरुक्षेत्र में महाभारत का युद्ध हुआ था, ये हम सभी जानते हैं, लेकिन युद्ध के इस अनुभव को अब आप वहां महाभारत अनुभव केंद्र में भी साक्षात देख सकते हैं। इस अनुभव केंद्र में महाभारत की गाथा को डी लाइट/साउंड शो और डिजिटल टेक्निक से दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर को जब मैं कुरुक्षेत्र गया था तो इस अनुभव केंद्र के अनुभव ने मुझे आनंद से भर दिया था। कुरुक्षेत्र में ब्रह्मसरोवर पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होना भी मेरे लिए बहुत विशेष रहा। मैं ये देखकर बहुत प्रभावित हुआ कि कैसे दुनियाभर के लोग दिव्य ग्रंथ गीता से प्रेरित हो रहे हैं। इस महोत्सव में यूरोप और सेंट्रल एशिया सहित विश्व के कई देशों के लोगों की भागीदारी रही।

उन्होंने आगे कहा कि इस महीने की शुरुआत में सऊदी अरब में पहली बार किसी सार्वजनिक मंच पर गीता की प्रस्तुति की गई है। यूरोप के लातविया में भी एक यादगार गीता महोत्सव आयोजित किया गया। इस महोत्सव में लातविया, एस्टोनिया, लिथुआनिया और अल्जीरिया के कलाकारों ने बढ़-चढ़ करके हिस्सा लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा