सोनीपत: मन की बात 146 करोड़ लोगों को एकजुटता के सूत्र में पिरोने का संदेश है: डॉ. अरविंद
सोनीपत, 26 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा
सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने गोहाना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात को सुनने
के बाद रविवार को कहा कि मन की बात 146 करोड़ भारतीयों को एकजुटता के सूत्र में पिरोने
का संदेश है। कार्यक्रम गोहाना के सेक्टर-7 स्थित प्रोफेसर शमशेर भंडेरी के निवास पर
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में आयोजित किया
गया।
इस अवसर
पर डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मन की बात केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, यह प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी समाज के अनदेखे नायकों, नवाचार करने वाले लोगों और सेवा कार्यों में जुटे
व्यक्तियों के प्रेरक उदाहरण देश के सामने रखते हैं। इससे हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण
में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार
आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत और जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा देते हैं। उन्होंने
नागरिकों से अपने सामाजिक दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने
कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना और
समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी ही प्रधानमंत्री के संदेशों की वास्तविक भावना
है। कार्यक्रम
के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में जनभागीदारी को लोकतंत्र की
सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्थानीय उत्पादों के
उपयोग, नवाचार, युवाओं की रचनात्मक भागीदारी तथा सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना
को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में
सामान्य नागरिकों द्वारा किए जा रहे प्रेरणादायी कार्य विकसित भारत के संकल्प को साकार
करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं
और नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्रहित और समाजसेवा
के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना