पीएम किसान सम्मान निधि से कैथल के 97 हजार किसानों के खातों में पहुंचे 19.59 करोड़

 


कैथल, 30 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत कैथल जिले के 97 हजार 965 किसानों को 24वीं किस्त के रूप में 19 करोड़ 59 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई है। जिले के किसानों को योजना के तहत अब तक कुल 493 करोड़ 45 लाख रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है। यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित किसान सम्मान समारोह के दौरान दी।

कार्यक्रम में गुजरात से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी की। इस कार्यक्रम का कृषि विज्ञान केंद्र में लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर ज्योति सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की नीति पर काम कर रही है।

ज्योति सैनी ने कहा कि सरकार किसानों के हित में किसान सम्मान निधि के अलावा भी कई योजनाएं चला रही है। इसके साथ ही आम नागरिकों को बिजली, पानी, स्वास्थ्य सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अंत्योदय परिवार उत्थान मेलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभ प्रदान किया जा रहा है।

इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के डॉ. रविंद्र कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ समन्वयक डॉ. रमेश चंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे