कैथल: सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत, रक्तदान शिविर में 100 से अधिक लोगों ने किया रक्तदान

 


कैथल, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान की जिले में शुरुआत सामाजिक गतिविधियों के साथ हुई। अभियान के पहले दिन भाजपा जिला कार्यालय ‘कपिल कमल’ में रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में 100 से अधिक लोगों ने रक्तदान किया, जबकि स्वास्थ्य जांच शिविर में लोगों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी जांच करवाई।

कार्यक्रम में विधायक सतपाल जांबा, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रक्तदान शिविर का आयोजन स्वास्थ्य विभाग, सांसद नवीन जिंदल फाउंडेशन और रेडक्रॉस के सहयोग से किया गया। इस दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व के बारे में बताया गया और लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए आगे आने का आह्वान किया गया।

विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत अगले एक माह में जिले में अलग-अलग सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर जैसे कार्यक्रम सीधे तौर पर जरूरतमंद लोगों के लिए उपयोगी साबित होते हैं। रक्तदान से किसी मरीज को जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से शुरू हुआ अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा और इस दौरान अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों को भी इन कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

पूर्व विधायक लीला राम ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती और सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत का दिन विशेष है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में सभी को अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचने का प्रयास किया जाना चाहिए। कार्यक्रम में कैलाश भगत, राजपाल तंवर, राव सुरेंद्र सिंह, मनीष शर्मा फरल, जंगीर सिसला, कर्मबीर कौल, सुरभि गर्ग, यशपाल प्रजापति, अवधेश किशोर राय, शक्ति सौदा, कमलजीत कौर, अक्षरा गुप्ता, सौरभ चौधरी और रामप्रताप गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे