हिसार : पोस्टरों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभाव बताए, स्वयंसेवकों ने नशा मुक्त समाज का लिया संकल्प
हकृवि में 400 स्वयंसेवकों ने नशे के खिलाफ निकाली जागरूकता रैली
हिसार, 27 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय
की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से नशे के खिलाफ रविवार काे जागरूकता रैली निकाली गई। रैली
का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने
के साथ समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक संकल्प दिलाना रहा। रैली में करीब
400 स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना अवार्डी एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. भगत सिंह ने विद्यार्थियों
को एनएसएस के इतिहास, उद्देश्यों और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा
कि एनएसएस का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन,
नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना है। जिला नागरिक अस्पताल के ड्रग काउंसलर राहुल शर्मा ने रविवार काे मुख्य वक्ता के रूप में
नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे होने वाली सामाजिक, शारीरिक और मानसिक समस्याओं के बारे
में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों और समाज के अन्य
लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई
गई। मंच संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर डागर ने किया। उन्होंने स्वयंसेवकों
को समाज सेवा और जन-जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
रैली का आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. दीपक कौशिक और डॉ. लोचन शर्मा के मार्गदर्शन
में किया गया। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने पोस्टरों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों
तथा स्वस्थ और नशा मुक्त जीवन के महत्व को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर