सोनीपत: 15 वीं शार्ट ट्रैक रोलर स्केटिंग में खिलाड़ियों ने जीते नौ पदक
सोनीपत, 28 अप्रैल (हि.स.)। पूर्ण
मूर्ति ग्लोबल स्कूल, कामी रोड के खिलाड़ियों ने 15 वीं शार्ट ट्रैक रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप
में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण सहित
नौ पदक जीते मंगलवार को स्कूल में विजेताओं का स्वागत किया।
न्यू फ्लाइंग स्केटिंग एकेडमी की तरफ से आरके इंटरनेशनल स्कूल, सफियाबाद में आयोजित
स्केटिंग चैंपियनशिप में पूर्ण मूर्ति ग्लोबल स्कूल के स्केटर असद व तृषा ने स्वर्ण
पदक जीते। पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ के चेयरमैन डा.विजयपाल नैन, सचिव गौतम नैन, स्कूल
की प्रधानाचार्या हिमानी दहिया व उप प्रधानाचार्य वरुण ने पदक विजेताओं को आशीर्वाद
देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
डा.विजयपाल
नैन ने कहा कि रफ्तार, संतुलन व रोमांच से भरपूर इस खेल के प्रति खास तौर पर छोटे बच्चों
व उनके अभिभावकों का रुझान बढ़ा है। प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर पदक जीतने से बच्चों
का मनोबल बढ़ता है। इससे बच्चों के व्यक्तित्व में निखार आता है। विद्यालय के विद्यार्थी
पढाई के साथ-साथ खेलों में भी अपनी श्रेष्ठता साबित करें। स्कूल की प्रधानाचार्या हिमानी
दहिया ने कहा कि अंडर-12 आयु वर्ग में छात्रा तृषा ने व अंडर-14 में छात्र असद ने स्वर्ण
पदक जीता। जबकि अंडर-10 आयु वर्ग के विभिन्न मुकाबले में दर्श, दीविशा व सत्यम और अंडर-12
आयु वर्ग में कुणाल व सिद्धार्थ ने रजत पदक जीते। वहीं अंडर-12 में अजका व अंडर-10
आयु वर्ग में रिहान ने कांस्य पदक हासिल किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना