हिसार : लुवास की टीम ने रोमांचक मुकाबले में कश्मीर विश्वविद्यालय को तीन विकेट से हराया

 


योगेश सहरावत ने 36 गेंदों में 76 रन ठोककर टीम की जीत में निभाई अहम भूमिका

22वें अखिल भारतीय कुलपति टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में जीत से किया आगाज

हिसार, 14 नवंबर (हि.स.)। यहां के लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान

विश्वविद्यालय (लुवास), की क्रिकेट टीम ने शनिवार काे 22वें अखिल भारतीय कुलपति टी-20 क्रिकेट

टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया है। जम्मू के स्ट्राइकर पार्क, सांग्रामपुर में

खेले गए पहले मुकाबले में लुवास ने यूनिवर्सिटी ऑफ कश्मीर (एम्प्लॉइज) की टीम को तीन

विकेट से पराजित किया। अंतिम ओवरों तक चले रोमांचक मुकाबले में लुवास के खिलाड़ियों

ने दबाव के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए यूनिवर्सिटी ऑफ कश्मीर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर

में पांच विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लुवास की टीम ने

आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में सात विकेट खोकर 173 रन बना लिए और मुकाबला

अपने नाम कर लिया। लुवास की जीत में योगेश सहरावत की विस्फोटक बल्लेबाजी निर्णायक साबित

हुई। उन्होंने महज 36 गेंदों में 76 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल रहे।

उनके अलावा डॉ. सतबीर शर्मा ने 18, डॉ. गौरव चराया ने 16, संदीप दहिया ने 14 और प्रदीप

सांगवान (पाशा) ने नाबाद 12 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। टीम के कप्तान विकास खरब ने खिलाड़ियों का नेतृत्व करते हुए सामूहिक प्रदर्शन

के दम पर टीम को जीत दिलाई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने टीम की इस उपलब्धि पर खुशी जताते

हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और टूर्नामेंट के आगामी मुकाबलों में भी इसी उत्साह

और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर