विधानसभा में गूंजा पानी व प्लास्टिक प्रदूषण का मुद्दा
-सीएम बोले सभी विधायक एकजुटता से चलाएं जागरूकता अभियान
चंडीगढ़, 26 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में पानी तथा प्लास्टिक से होने वाले प्रदूषण के मुद्दे पर कांग्रेस विधायकों ने सरकार को घेरा तो मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मोर्चा संभालते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ एकजुटता से अभियान चलाने का आहवान किया।
विधानसभा में झज्जर की विधायक गीता भुक्कल ने कलियावास, खानपुर कलां, मुंडसा, खोर्रा, बहु आदि गांवों में पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाने पर सरकार से रिपोर्ट मांगी। उन्होंने कहा कि यहां दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। पानी में टीडीएस का स्तर लगातार बढ़ रहा है। पानी के कारण कैंसर जैसी घातक बीमारी तेजी से फैल रही है।
लोक निमार्ण मंत्री रणबीर गंगवा ने गीता भुक्कल के दावे को खारिज करते हुए कहा कि गांवों में पेयजल तय नियमों के अनुसार सप्लाई हो रहा है। टीडीएस की मात्रा मानकों से अधिक नहीं है।
विधानसभा में कांग्रेस के कई विधायकों ने प्रदूषण का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मोर्चा संभालते हुए कहा कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक के बढ़ता उपयोग गंभीर है। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए हम सभी जनप्रतिनिधियों को आमजन को इसके बारे में जागरूक करना होगा कि प्लास्टिक का उपयोग नहीं करना चाहिए, क्योंकि प्लास्टिक के उपयोग से कैंसर जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने सदन के माध्यम से सभी सदस्यों से आग्रह किया कि इस विषय पर हम सभी को आगे बढ़कर काम करना चाहिए और इसके लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा