हिसार : मां अमृता देवी की शहादत को नमन कर, लगाए 150 पौधे

 


ट्रस्ट ने नवंबर तक सभी पार्कों में पौधारोपण और नियमित देखभाल का रखा लक्ष्य

हिसार, 12 सितंबर (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणास्रोत शहीद मां अमृता

देवी और उनकी तीन बेटियों सहित 363 पर्यावरण प्रेमियों की शहादत को नमन करते हुए शहीद

मां अमृता देवी पर्यावरण ट्रस्ट की ओर से सेक्टर-33 में पौधारोपण अभियान चलाया गया।

कार्यक्रम में जीजेयू के पूर्व कुलपति प्रो. नरसी बिश्नोई और मेयर प्रवीण पोपली मुख्य

अतिथि रहे। सेक्टर वासियों ने दोनों अतिथियों का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया।

ट्रस्ट के संस्थापक राजपाल नैन ने बताया कि ट्रस्ट गठन के बाद सेक्टर-33 में

यह पहला पौधारोपण कार्यक्रम था। अभियान के दौरान मोलसरी, बेलपत्र, अशोक, खेजड़ी और

कचनार सहित करीब 150 पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि मां अमृता देवी ने पेड़ों और प्रकृति

की रक्षा के लिए प्राणों का बलिदान दिया था। उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर पर्यावरण

संरक्षण को जन-अभियान बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

ट्रस्ट प्रधान जगदीश गोदारा ने बताया कि सेक्टर वासियों और हरियाणा शहरी विकास

प्राधिकरण के सहयोग से नवंबर तक सेक्टर-33 के सभी पार्कों में पौधारोपण किया जाएगा

और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाएगी। इसका लक्ष्य सेक्टर-33 को हिसार

का सबसे हरा-भरा सेक्टर बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर