हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के 13 विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में मिली प्लेसमेंट

 


कुलपति व कुलसचिव सहित अन्य अधिकारियों ने दी बधाईहिसार, 12 जून (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से पिछले सप्ताह के दौरान आयोजित ई-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से विश्वविद्यालय के विभिन्न कोर्सों के 13 विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में प्लेसमेंट मिली है। चयनित विद्यार्थियों को प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग, मैन्युफैक्चरिंग, ऑटोमोबाइल और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी जैसे अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने के अवसर मिले हैं।कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी तथा उनकी इस सफलता पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गुजविप्रौवि के विद्यार्थियों को लगातार मिल रही प्लेसमेंट सफलता विश्वविद्यालय के मजबूत एकेडमिक वातावरण, उद्योग के अनुसार बने सिलेबस, अनुभवी संकाय और विद्यार्थियों की रोजगार पाने की क्षमता को बेहतर बनाने की लगातार कोशिशों को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित कंपनियों में प्लेसमेंट से गुजविप्रौवि के विद्यार्थी की क्षमता पर उद्योग का भरोसा और मजबूत होता है। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके करियर के लक्ष्यों को पाने के लिए उनकी कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण की सराहना की।प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया। इनमें इनोनोवेक्स प्राइवेट लिमिटेड, एमजे ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड, प्रकाश पाइप्स, कॉस्मो फर्स्ट लिमिटेड और जीएलएस फिल्मस शामिल हैं। सिलेक्शन प्रोसेस में एचआर से बातचीत, तकनीकी साक्षात्कार तथा उम्मीदवारों की प्रोफेशनल दक्षता का मूल्यांकन शामिल रहा, जिससे अलग-अलग स्ट्रीम के विद्यार्थियों को अपनी जानकारी और प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव में इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट और साइंस कोर्स के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को ये अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिभागी कंपनियों के मुख्य अधिकारियों-इनोनोवेक्स प्राइवेट लिमिटेड की सुश्री शगथा इजथ.आर, एमजे ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के देवेंद्र कुमार, प्रकाश पाइप्स की प्रतिभा रानी, कॉस्मो फर्स्ट लिमिटेड की पूनम तिवारी और जीएलएस फिल्मस के योगेश डंगवाल-का धन्यवाद किया। साथ ही उन्होंने प्लेसमेंट ड्राइव को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग के लिए संबंधित विभागों के अध्यक्ष एवं विभागीय ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट समन्वयकों का भी आभार व्यक्त किया।सहायक प्लेसमेंट निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि एमबीए जनरल के संजय कुमार व कुशल पाल, एमबीए फाइनेंस के नितेश कुमार, एमबीए मार्केटिंग की सोनिया, एमबीए बिजनेस एनालिटिक्स की पदमा व विजय कुमार बेरागी को इनोनोवेक्स प्राइवेट लिमिटेड में, बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के सौरभ व प्रेम चंद को एमजे ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड में, बीटेक प्रिंटिंग के मनीष व योगेश को प्रकाश पाइप्स में, बीटेक प्रिंटिंग के शुभम को कोसमों फर्स्ट लिमिटेड में तथा बीटेक प्रिंटिंग के विकास व रोहित को जीएलएस फिल्मस में चयनित किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर