हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के नौ विद्यार्थियों का इंफोसिस में चयन
प्लेसमेंट सीजन की शानदार शुरुआत, कुलपति व अधिकारियों
ने दी बधाई
हिसार, 03 जुलाई (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर
यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी ने अपने 2026-27 प्लेसमेंट सीजन की शानदार शुरुआत
की है। वर्ष 2027 पासिंग आउट बैच के नौ विद्यार्थियों को छात्रों को इंफोसिस में हेकविदइंफी
2026 के जरिए 6.25 लाख वार्षिक पैकेज पर चयनित किया गया है। खास बात यह है कि 2027
पासिंग आउट बैच के विद्यार्थियों के लिए यह सऋ की पहली प्लेसमेंट सफलता है, जो उन्हें
अपने अंतिम वर्ष में जाने से पहले ही मिल गई है। यह प्लेसमेंट विश्वविद्यालय के शुरुआती
दौर से ही उद्योग के लिए तैयार रहने और कोडिंग में बेहतरीन प्रदर्शन पर दिए जाने वाले
बल को दर्शाती है।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने चयनित विद्यार्थियों
को बधाई दी और कहा कि 2027 पासिंग आउट बैच की शुरुआती प्लेसमेंट सफलता ने 2026-27 प्लेसमेंट
सीजन के लिए एक सकारात्मक माहौल बनाया है। उन्होंने बताया कि गुजविप्रौवि ने पिछले
शैक्षणिक सत्र में अब तक का सबसे अच्छा प्लेसमेंट प्रदर्शन किया था।
कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष
प्रो. ओपी सांगवान ने शुक्रवार काे बताया कि हेकविदइंफी चयन प्रक्रिया कई चरणों में हुई। ऑनलाइन
प्रोग्रामिंग राउंड में गुजविप्रौवि के 56 विद्यार्थी अगले चरण के लिए क्वालिफाई हुए।
इसके बाद वे गलगोटियास यूनिवर्सिटी में आयोजित ऑफलाइन कंप्यूटर-बेस्ड असेसमेंट में
शामिल हुए, जहां 19 विद्यार्थियों को सूचीबद्ध किया गया। प्लेसमेंट डायरेक्टर डॉ. प्रताप सिंह ने बताया
कि एआई-फर्स्ट डिजिटल सर्विस और कंसल्टिंग में ग्लोबल लीडर इंफोसिस बेहतरीन इंजीनियरिंग
टैलेंट की पहचान करने के लिए अपना मुख्य नेशनल कोडिंग कॉम्पिटिशन और टैलेंट आइडेंटिफिकेशन
प्रोग्राम ‘हेकविदइंफी’ का आयोजन करती है। सहायक प्लेसमेंट निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने
बताया कि चयनित विद्यार्थियों में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग से निखिल वर्मा,
अंकित कुमार, शुभम कुमार, निशांत खंगार, गगनदीप, ललित कुमार और सौरभ कुमार, तथा बीटेक
इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी से कल्पना और ओजस्वी शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर