कैथल: सरकार के आदेश के बावजूद ड्यूटी पर नहीं लौटे पटवारी, पटवारखानों पर लटके रहे ताले
कैथल, 27 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश सरकार की ओर से नए पटवारियों को ड्यूटी पर लौटने के निर्देश जारी किए जाने के बावजूद कैथल में पटवारियों ने काम शुरू नहीं किया। गुुरुवार काे पटवारियों ने हड़ताल जारी रखते हुए लघु सचिवालय में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। जिले में पटवारखाने बंद रहे और कार्यालयों पर ताले लटके दिखाई दिए। नए पटवारियों में से भी कोई ड्यूटी पर नहीं पहुंचा।
हड़ताल स्थल पर पटवारियों ने एकजुट होकर सरकार के खिलाफ रोष ज पताया। पटवार एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र खटकड़, बलिंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, सुखविंद्र सिंह और रामनिवास ने कहा कि कैथल सहित पूरे प्रदेश में करीब सात दिन से पटवारखानों पर ताले लगे हैं। सरकार ने नए पटवारियों को काम पर लौटने के निर्देश दिए हैं, लेकिन पटवारी किसी भी दबाव या धमकी के आगे झुकने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि संगठन की सरकार के साथ बैठक प्रस्तावित है। बैठक में मांगों पर सहमति बनती है तो आगे का रास्ता निकलेगा। यदि वार्ता विफल रही तो हड़ताल को जारी रखने को लेकर संगठन आगामी निर्णय लेगा।
पटवारियों ने कहा कि राजस्व विभाग के पोर्टल में अभी भी कई खामियां बनी हुई हैं। आईटी टीम की ओर से पोर्टल को दुरुस्त करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति अलग है। उनके अनुसार अभी भी इंतकाल गलत दर्ज हो रहे हैं। जमीन के हिस्से और मालिकों के नाम भी सही प्रदर्शित नहीं हो रहे। पटवारियों का कहना है कि जब तक पोर्टल सही तरीके से काम नहीं करता, उनका विरोध जारी रहेगा। प्रदेश प्रचार सचिव सुखविंदर सिंह ने कहा कि गिरदावरी का समय समाप्त होने वाला है, लेकिन सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे तो अन्य राज्यों की तर्ज पर डीसीएस का काम निजी एजेंसी से करवा सकती है। हड़ताल को लेकर जिला राजस्व अधिकारी चंद्र मोहन ने बताया कि सरकार की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई पत्र उनके पास नहीं आया है। सरकार की ओर से जो भी आदेश प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे