हिसार में एंटी करप्शन ब्यूरो ने पटवारी व सहयोगी को रिश्वत लेते दबोचा

 


हिसार, 19 मई (हि.स.)। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हिसार के हलका-1 के पटवारी सुभाष तथा उसके सहयोगी कुलदीप सिंह को एक हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। इस संबंध में शिकायतकर्ता रविंद्र कुमार ने ब्यूरो को शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार उसकी माता के नाम हिसार की फ्रेंड्स कॉलोनी में एक प्लॉट है, जिस पर ऋण लेने के लिए म्यूटेशन करवाना आवश्यक था। आरोप है कि म्यूटेशन प्रक्रिया पूरी करने के बदले आरोपी कुलदीप सिंह ने पटवारी सुभाष की ओर से एक हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने की बातचीत भी रिकॉर्ड कर ली थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ब्यूरो ने मंगलवार काे जाल बिछाया और आरोपी कुलदीप सिंह को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ काबू कर लिया। ब्यूराे की टीम दाेनाें आराेपियाें से पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर