यमुनानगर:रिटायर्ड एसएचओ की बेटी पर साझेदारी के नाम पर करोड़ों की कथित ठगी का मामला दर्ज
यमुनानगर, 31 जुलाई (हि.स.) शेयर बाजार में साझेदारी का भरोसा देकर करीब 2.45 करोड़ रुपये की कथित ठगी के आरोप में यमुनानगर निवासी एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आराेपी महिला हरियाणा पुलिस के सेवानिवृत्त एसएचओ की बेटी बताई गई है। सोनीपत जिले के गोहाना निवासी एक शेयर मार्केट ट्रेडर की शिकायत पर शुक्रवार काे प्रारंभिक जांच के बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस ने धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी महिला से पहचान हुई थी। महिला ने स्वयं को शेयर बाजार में रुचि रखने वाली बताते हुए भविष्य में सेबी से रिसर्च एनालिस्ट का लाइसेंस प्राप्त कर 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी में कारोबार शुरू करने का प्रस्ताव रखा। कई मुलाकातों के बाद दोनों के बीच इस संबंध में सहमति बनी। शिकायत के अनुसार, महिला ने कार्यालय स्थापित करने, प्लॉट की किस्त, बीमा पॉलिसियों, वाहन, आभूषण, मोबाइल और अन्य निजी जरूरतों का हवाला देकर अलग-अलग समय पर बड़ी रकम ली। आरोप है कि मार्च 2023 से मार्च 2025 के बीच शिकायतकर्ता ने महिला के बैंक खातों में करीब 2.10 करोड़ रुपये ऑनलाइन स्थानांतरित किए, जबकि लगभग 35 लाख रुपये नकद भी दिए। इसके अतिरिक्त करीब नौ लाख रुपये मूल्य की कार भी सौंपने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसकी राशि से प्लॉट, थार वाहन तथा अन्य संपत्तियां खरीदी गईं, लेकिन न तो साझेदारी शुरू हुई और न ही धन लौटाया गया। सेक्टर-17 थाना प्रभारी प्रमोद ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार