सिरसा: कुम्हारिया के स्कूल में स्टाफ के नशा करके आने पर अभिभावकों ने जड़ा ताला
सिरसा, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के गांव कुम्हारिया में अभिभावकों ने गुरुवार को स्कूल पर ताला जड़ दिया। बच्चे स्कूल के बाहर बैठे रहे। सूचना मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आश्वासन दिया जिसके बाद ताला खोला गया। ग्रामीणों का आरोप है कि दो स्टाफ सदस्य नशा करते हैं, इनको स्कूल में वापस भेज दिया है। जबकि पहले इनको डेपूटेशन पर नाथूसरी चौपटा में बीईओ कार्यालय में भेजा हुआ था। डेपूटेशन पर भेजे गए दोनों स्टाफ सदस्य स्कूल पहुंचे तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
गांव के सरपंच रूपेश बैनिवाल, मदनलाल, पंच सुरेंद्र, प्रवीण धतरवाल, रवि सुंडा, छोटूराम, रामकुमार, दीपक, बिल्लू, धमनलाल ने बताया कि गांव में पांच साल पहले महापंचायत हुई। जिसमें नशा करने वाले कंप्यूटर अध्यापक व लैब सहायक को शिक्षा विभाग ने डेपूटेशन पर भेज दिया था। इन दोनों को आज स्कूल में वापस भेज दिया गया है। जिससे ग्रामीण व बच्चे आक्रोशित हो गए और ग्रामीणों ने स्कूल में आकर आपत्ति जताई कि इन दोनों कर्मचारियों को स्कूल में न लगाया जाए। इसके बाद स्कूली बच्चों ने अपने बस्ते उठा कर स्कूल से बाहर आ गए और ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गैट पर ताला लगा दिया और नारेबाजी शूरू कर दी। ग्रामीणों का आरोप है की दोनों कर्मचारी नशे के आदि हैं और नशे की लत के कारण इन्हें पहले स्कूल से निकाला गया था और इनके फिर यहां आने से स्कूल का माहौल खराब हो सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में इन दोनों कर्मचारियों की जगह दूसरी कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए।
स्कूल पर ताला जडऩे की सूचना मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर ढिढारिया गांव में पहुंचे और ग्रामीणों व बच्चों से बात की। ग्रामीणों ने दोनों कर्मचारियों को स्कूल से बाहर भेजने की मांग की। खंड शिक्षा अधिकारी सतबीर ढिढारिया ने कहा कि फिलहाल दोनों कर्मचारियों को डेपूटेशन के आधार पर भेजा जा सकता है। इस पर ग्रामीणों ने आपति जताई। खंड शिक्षा अधिकारी ने ठोस आश्वासन दिया कि उच्च अधिकारियों से बात कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। इस पर आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए और चार घंटे के बाद स्कूल का ताला खोला गया।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma