सोनीपत: गोहाना बाईपास हादसे में पानीपत युवक की मौत
सोनीपत, 18 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
जिले के गोहाना क्षेत्र में सड़क हादसे में पानीपत के एक युवक की मौत हो गई। युवक अपने
दोस्त के बेटे के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गोहाना के गांव मुंडलाना
आया था। कार्यक्रम के बाद देर शाम वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। शनिवार सुबह राहगीरों
ने सड़क किनारे युवक को पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके
पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों
के अनुसार मृतक राजेश पानीपत का रहने वाला था और पानीपत में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी
करता था। वह अपने दोस्त के निमंत्रण पर शुक्रवार को गोहाना के गांव मुंडलाना में जन्मदिन
कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर शाम वह बाइक से
पानीपत के लिए रवाना हुआ था। बताया जा रहा है कि जब वह गोहाना से पानीपत की ओर बाईपास
के पास पहुंचा, तभी उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद
युवक पूरी रात सड़क किनारे पड़ा रहा। अंधेरा और सुनसान होने के कारण किसी को घटना की
जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह स्थानीय लोग वहां से गुजरे तो उन्होंने युवक को
देखा और पुलिस को सूचना दी।
जांच
अधिकारी उपनिरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंचकर युवक के पास मिले पहचान
पत्र और दस्तावेजों से उसकी पहचान पानीपत निवासी राजेश के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों
को सूचना दी। मौके पर युवक का टूटा हेलमेट मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर
सिविल अस्पताल गोहाना में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर
रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना