पानीपत अस्पताल के लिए 219 पदों को मंजूरी
-कुरुक्षेत्र के थाना उप-स्वास्थ्य केंद्र का होगा पीएचसी में अपग्रेडेशनचंडीगढ़, 05 जून (हि.स.)। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में दो महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। राज्य सरकार ने जहां 200 बेड के जिला नागरिक अस्पताल, पानीपत के लिए 122 नियमित पदों तथा 97 पद हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से भरने सहित कुल 219 पदों के सृजन एवं स्वीकृति प्रदान की है, वहीं जिला कुरुक्षेत्र के उप-स्वास्थ्य केंद्र थाना को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में अपग्रेड करने की मंजूरी भी दी गई है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन निर्णयों से लोगों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि पानीपत के 200 बेड के नागरिक अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए 122 नियमित पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी, डेंटल सर्जन, क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट, फिजियोथेरेपिस्ट, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्ट, लैब तकनीशियन, रेडियोग्राफर, ऑपरेशन थिएटर सहायक, डाइटीशियन, बायो मेडिकल इंजीनियर, सोशल वर्कर तथा जनसंपर्क अधिकारी सहित विभिन्न श्रेणियों के पद शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त अस्पताल की सहायक सेवाओं को मजबूत करने के लिए 17 डाटा एंट्री ऑपरेटर, 37 स्वीपर, 37 वार्ड सर्वेंट, 5 सुरक्षा गार्ड तथा 1 सुपरवाइजर के पद हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के माध्यम से भरे जाएंगे। इन पदों के सृजन से अस्पताल में मरीजों को अधिक प्रभावी एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
वहीं कुरुक्षेत्र जिले के थाना उप-स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड किए जाने से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नव स्वीकृत पीएचसी में एक मेडिकल ऑफिसर, एक महिला मेडिकल ऑफिसर, एक डेंटल सर्जन, एक फार्मासिस्ट, दो स्टाफ नर्स, एक लैब तकनीशियन, एक एमपीएचएस (पुरुष) तथा एक एमपीएचएस (महिला) सहित कुल 9 नियमित पद सृजित किए गए हैं। इसके अलावा तीन श्रेणी-घ कर्मचारियों की नियुक्ति एचकेआरएन के माध्यम से की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा