अनाज मंडी में तौल में गड़बड़ी पर सख्ती, 100 ग्राम कम वजन पाए जाने पर भरपाई के निर्देश

 


पानीपत, 09 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त वीरेंद्र कुमार दहिया ने इसराना की नई अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सरसों की एक ढेरी के मैनुअल और डिजिटल कांटे में 100 ग्राम वजन कम पाए जाने पर उन्होंने संबंधित किसान को पूरी ढेरी के लिए 100 ग्राम प्रति बोरी के हिसाब से भरपाई के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए, और कहा कि चाहे बायोमेट्रिक सत्यापन हो या तौल संबंधी समस्या, यदि कहीं भी कोई त्रुटि पाई जाती है तो उसके लिए संबंधित अधिकारी और आढ़ती जिम्मेदार होंगे। लिफ्टिंग के मुद्दे पर उपायुक्त ने किसानों को जानकारी दी कि ठेकेदार द्वारा गाड़ियों के लिए पोर्टल पर मैसेज आ गया है। हैफेड के पोर्टल पर मैसेज आते ही लिफ्टिंग का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष किसानों को मंडी में सुविधाओं के साथ-साथ तोल और लिफ्टिंग की समस्या के लिए उच्च अधिकारियों के पास जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यदि कोई भी डिजिटल कांटे से सही तौल नहीं करता है, तो उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा, जिसके लिए मार्केट कमेटी के अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उपायुक्त के निर्देश के बाद, मार्केट कमेटी सचिव पवन नागपाल ने आढ़तियों को लिखित में सूचित किया है। इसमें कहा गया है कि कोई भी आढ़ती तौल में किसी प्रकार की कोताही न बरते और साफ-सफाई से काम करे। इस अवसर पर एसडीएम नवदीप सिंह नैन, भारतीय किसान यूनियन के प्रधान जयकरण जागलान, योगेश जागलान और राजेंद्र प्रसाद भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा