पानीपत सड़क हादसे में एक की माैत, 10 घायल
चंडीगढ़, 16 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के पानीपत में बीती रात हुए सडक़ हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 10 अन्य घायल हो गए। हादसा इसराना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव शाहपुर के पास रविवार तडक़े करीब 2 बजे तेज रफ्तार ब्रेजा कार और एक लोडिंग पिकअप के बीच सीधी टक्कर में हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन काफी दूर तक घिसटते हुए गए और फिर बेकाबू होकर सडक़ किनारे पलट गए। हादसे में ब्रेजा में सवार चार दोस्तों समेत कुल 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए,जबकि एक सुरक्षित बच गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं 10 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां रेफर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार ब्रेजा कार में सवार चारों युवक मूल रूप से भिवानी जिले के रहने वाले हैं। दुर्घटना में घायल हुए भिवानी निवासी अमन ने बताया कि वह ट्रेडिंग व ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है। शनिवार शाम को उसने अपने तीन अन्य दोस्तों श्रेयस, राहुल और संजय के साथ भिवानी से हरिद्वार घूमने जाने का प्लान बनाया था।
चारों दोस्त अपनी ब्रेजा गाड़ी में सवार होकर हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। अमन के मुताबिक, सफर के दौरान चारों दोस्त गाड़ी में शराब पी रहे थे। देर रात करीब 2 बजे जब उनकी ब्रेजा कार पानीपत के इसराना क्षेत्र में गांव शाहपुर के पास पहुंची, तो अचानक सडक़ के दूसरी तरफ से आई एक लोडिंग पिकअप गाड़ी उनकी कार से टकरा गई।
दुर्घटनाग्रस्त हुई लोडिंग पिकअप गाड़ी में पानीपत शहर के विजय नगर और नूरवाला इलाके के 8 कर्मचारी सवार थे। ये सभी कैटरिंग (खानपान) का काम करते हैं। शनिवार रात वे एक वैवाहिक या सामाजिक समारोह से अपना काम निपटाने के बाद कैटरिंग का सामान गाड़ी में लादकर वापस शहर की ओर लौट रहे थे।
सूचना मिलते ही इसराना थाना पुलिस की टीम और कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस कर्मचारियों ने ग्रामीणों की मदद से गाडिय़ों के परखच्चों में फंसे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और तुरंत पास के मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
घटना की सूचना मिलने के बाद इसराना थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भिजवा दिया है। पुलिस ने मृतक और घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा