नूंह में पनीर बनाने वाले प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, 7600 किलो पनीर नष्ट

 


नूंह, 11 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त अखिल पिलानी के निर्देश पर जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा और जनस्वास्थ्य को लेकर जिले में पनीर निर्माण इकाइयों के खिलाफ विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार गुलिया की मौजूदगी में ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार पुन्हाना, डीएसपी पुन्हाना के नेतृत्व में पुलिस बल तथा हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम के सहयोग से यह संयुक्त कार्रवाई की।

अभियान के दौरान ग्राम गौधोला में गुरुग्राम नहर के समीप संचालित तीन पनीर निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान करीब 7,600 किलोग्राम पनीर अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में रखा मिला। पनीर गंदे कंटेनरों और अस्वच्छ प्लेटफॉर्म पर रखा हुआ था। जनस्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने मौके पर गड्ढा खुदवाकर पूरा पनीर नष्ट कर दिया, ताकि इसे दोबारा खाद्य श्रृंखला में शामिल न किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान तीनों इकाइयां खुली और संचालित अवस्था में मिलीं, लेकिन मौके पर किसी इकाई का मालिक, प्रबंधक अथवा खाद्य व्यवसाय संचालक मौजूद नहीं था। परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था बेहद खराब पाई गई। तलाशी के दौरान खाद्य सामग्री के साथ फैब्रिक व्हाइटनर, औद्योगिक ग्रेड ब्लीचिंग एजेंट, रिफाइंड पाम ऑयल, सोयाबीन और पोस्टर व्हाइट कलर जैसी सामग्री भी बरामद हुई। इसके अलावा टीम ने ग्राम नई स्थित एक अन्य पनीर निर्माण इकाई का भी निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान संबंधित पनीर निर्माण इकाइयों से खाद्य पदार्थों के नमूने निर्धारित प्रक्रिया के तहत लिए गए। सभी नमूनों को नियमानुसार पैक, सील और लेबल कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तथा अन्य लागू प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान प्रदूषण नियंत्रण संबंधी मानकों के उल्लंघन का मामला भी सामने आया। जांच में संबंधित इकाइयों से निकलने वाले अपशिष्ट एवं गंदे पानी को नहर में छोड़े जाने की स्थिति पाई गई। इससे जल प्रदूषण एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को देखते हुए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण विभाग की टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया