पंचकूला में ईवीएम स्ट्रांग रूम के कैमरे बंद होने पर हंगामा

 

चंडीगढ़, 11 मई (हि.स.)। हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव के बाद सोमवार को पंचकूला में उस समय विवाद हो गया, जब मेयर पद की कांग्रेस उम्मीदवार ने ईवीएम की सुरक्षा पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि स्ट्रांग रूम के कैमरे काफी समय तक बंद रहे। इसे लेकर सेक्टर-14 कॉलेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में भारी हंगामा भी हुआ।कांग्रेस उम्मीदवार सुधा भारद्वाज के पति संजीव भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सुबह 9:21 से 11:10 तक मुख्य कैमरा मिला। सुबह उनका बेटा वहां गया, तो कैमरा बंद मिला। इसके बाद उन्होंने अपनी चिंता प्रशासन के सामने जाहिर की, तो कोई जवाब नहीं मिल रहा है।भारद्वाज ने कहा कि जहां ईवीएम रखी जाती है, वहां सीसीटीवी निगरानी और प्रशासनिक जवाबदेही अनिवार्य होती है। अगर कैमरे बंद हैं तो सवाल उठना स्वाभाविक है।रिटर्निंग अधिकारी संयम गर्ग ने बताया कि कैमरे बंद नहीं हुए, केवल डिस्पले पर नहीं दिख रहा था। चुनावी प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है, किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी नहीं है।पंचकूला में नगर निगम चुनाव का मतदान 10 मई को हुआ था। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पंचकूला में 53.38 प्रतिशत मतदान हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा