ड्रग तस्कर गिरफ्तार, छह कराेड़ की हेराेइन बरामद

 


चंडीगढ़, 07 अप्रैल (हि.स.)। पंचकूला पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक युवक को छह करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ काबू किया है। आरोपित के पास से 15 लाख की ड्रग मनी भी बरामद हुई है।

पंचकूला के डीसीपी क्राइम एवं ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को बताया कि आरोपित का चंडीगढ़ में ठिकाना बनाकर एक सप्ताह के भीतर ट्राईसिटी में 3 किलो से अधिक हेरोइन खपाने का टारगेट था। उन्होंने बताया कि यह हरियाणा में दूसरी और पंचकूला की अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी है।

अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने 5 अप्रैल को सेक्टर-20, कुंडी गांव के पास से आरोपित 23 वर्षीय लवजोत सिंह निवासी जलालाबाद (पंजाब) को गिरफ्तार किया था। आरोपित वर्तमान में चंडीगढ़ में किराए के मकान में रहकर ट्राइसिटी में नशे का जाल फैला रहा था। तलाशी के दौरान उसके के पास से 3 किलो 89 ग्राम हेरोइन और 15 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस हेरोइन की कीमत 6 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपित लवजोत सिंह बीसीए ग्रेजुएट है और वह यह खेप सीधे पाकिस्तान बॉर्डर से लेकर आया था। उसका इरादा महज एक सप्ताह के भीतर पूरी ट्राइसिटी (पंचकूला, चंडीगढ़, मोहाली) में इस नशीले पदार्थ को खपाने का था। आरोपित के खिलाफ सेक्टर-20 थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर चार दिन की रिमांड हासिल की गई है। रिमांड के दौरान आरोपित के सहयोगियों के बारे में पूछताछ की जाएगी।

डीसीपी अमरिंदर सिंह ने आगे बताया कि इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां 3 अप्रैल को हुई एक अन्य गिरफ्तारी से जुड़ी हैं। क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 ने पहले गुप्त सूचना के आधार पर रायपुररानी के गांव टाबर से साहिल (डेराबस्सी) को 310 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा था। साहिल ने खुलासा किया कि वह यह माल अपने बुआ के लड़के सतनाम सिंह से लाता था। पुलिस ने जाल बिछाकर 5 अप्रैल को सतनाम सिंह को दबोचा, जिसने पूछताछ में बताया कि उसका मुख्य सप्लायर लवजोत सिंह है। इस मामले में अभी कई अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा