अपडेट--पंचकूला: नामकरण समारोह में खूनी रंजिश, प्रेमी और प्रेमिका के भाई की चाकू घोंपकर व पीट-पीटकर हत्या
चंडीगढ़, 04 जुलाई (हि.स.)। पंचकूला में बीती रात नामकरण समारोह के दौरान उपजे विवाद ने दो परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। सेक्टर-19 में आयोजित पार्टी में बिन बुलाए पहुंचे युवक ने अपनी प्रेमिका के भाई की चाकू घोंपकर हत्या कर दी, जिसके बाद आक्रोशित दोस्तों ने आरोपी प्रेमी को भी पीट-पीटकर मार डाला। इस दोहरे हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह के अनुसार, मृतकों की पहचान संजीत व अर्जुन कश्यप के रूप में हुई है। दोनों के बीच नामकरण समारोह में बिना बुलाए आने पर झगड़ा हुआ था। संजीत के घर 6 दिन पहले बेटे का जन्म हुआ था। परिवार ने इस खुशी में सेक्टर-19 में नामकरण समारोह और पार्टी का आयोजन किया था। इस पार्टी की उसकी बहन सोनम का बॉयफ्रेंड अर्जुन भी बिन बुलाए ही अपने 7-8 साथियों के साथ पहुंच गया।
संजीत का परिवार इस रिश्ते के खिलाफ था। इसी को लेकर संजीत और अर्जुन में झगड़ा हो गया। दोनों के दोस्त भी इस झगड़े में कूद पड़े। हंगामा बढऩे पर अुर्जन और उसके दोस्त वहां भाग गए। डीसीपी के मुताबिक, अर्जुन और उसके दोस्तों के वहां से भाग जाने के बाद संजीत भी अपने साथियों के साथ उनके पीछे दौड़ पड़ा। संजीत को पीछे आता देख अर्जुन सेक्टर-19 इंडस्ट्रियल एरिया के अंडरपास के पास छुप गया। इसी दौरान संजीत ने उसे देख लिया और उसके पास पहुंच गया। आरोप है कि संजीत को देख अर्जुन ने हाथ में लिए चाकू से उसकी छाती पर वार कर दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह देख अर्जुन के दोस्त वहां से फरार हो गए। अर्जुन अकेला रह गया। जिसे संजीत के दोस्तों ने घेर लिया और पीट-पीट कर मार डाला। परिवार के लोग भी दोनों के पीछे-पीछे आ गए। दोनों को मरा देख उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते सेक्टर-19 पुलिस चौकी, सेक्टर-20 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
परिवार के अनुसार, संजीत और अर्जुन कश्यप पहले से एक दूसरे को जानते थे। मगर, बहन से ही प्रेम प्रसंग के चलते उनमें रंजिश थी। डीसीपी के अनुसार इस वारदात को अंजाम देने में कुछ अन्य लोग भी शामिल हैं। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। संजीत के परिजनों, रिश्तेदारों और दोस्तों समेत अन्यों से पूछताछ की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा