सिरसा में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने पंचायत मंत्री का पुतला फूंका

 


सिरसा, 21 मई (हि.स.)। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने खंड ओढ़ा में पंचायत मंत्री का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने गुरुवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना दिया और शव यात्रा निकाली।

ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलराज सिंह ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के दस हजार ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को इस भीषण गर्मी में धरना-प्रदर्शन करने पर मजबूर कर दिया है। हर दिन किसी किसी ब्लॉक में गर्मी के कारण कोई सफाई कर्मचारी बेहोश हो रहा तो कोई बीमारी की चपेट में आ रहा है। कर्मचारियों की मांगों को लेकर चल रही हड़ताल को सात दिन बीत चुके हैं, लेकिन सरकार मौन बैठी है।

हड़ताली कर्मचारियों ने कहा कि हरियाणा सरकार ने 31 दिसंबर के उच्च न्यायालय का आदेश लागू नहीं किया, एक भी कच्चे ग्रामीण सफाई कर्मचारी को पक्का नहीं, पिछले 12 साल में एक भी सफाई कर्मचारी की पक्की भर्ती नहीं की, ग्रामीण सफाई कर्मियों के लिए 26 हजार वेतन की घोषणा करके आज तक लागू नहीं किया। दो साल पहले एक हजार की आबादी पर एक कर्मचारी भर्ती करने वाली फाइल मुख्यमंत्री की टेबल पर धूल चाट रही है और पिछले दो साल से कोई वेतन बढ़ौतरी नहीं हुई, जबकि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। ग्रामीण सफाई कर्मचारी की मृत्यु होने पर पर कोई मुआवजा नहीं मिलता और ना ही उसके परिवार को कोई नौकरी दी जाती। 60 साल की उम्र होने के बाद रिटायर कर दिया जाता है और एक रुपए की कोई सहायता सरकार और पंचायत विभाग नहीं देता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma