पलवल: फोन कर बुलाया फिर युवक पर किया जानलेवा हमला, तीन नामजद समेत 10 पर केस

 

पलवल, 24 जुलाई (हि.स.)। शहर के मोहन नगर क्षेत्र में एक युवक को फोन कर बुलाने के बाद उस पर अवैध हथियारों से जानलेवा हमला करने और फायरिंग करने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। कैंप थाना पुलिस ने शुक्रवार काे तीन नामजद समेत 10 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस्लामाबाद निवासी बंटी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके भाई रवि को रात के समय रावण नामक युवक ने फोन कर मोहन नगर बुलाया था। रवि के वहां पहुंचते ही राजा नामक युवक ने उसे पकड़कर नीचे गिरा दिया। इसके बाद कट्टपा और उसके आठ-नौ साथियों ने मिलकर फरसा, चाकू, पंच और पिस्तौल से उस पर हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने रवि को जान से मारने की नीयत से धमकाते हुए पिस्तौल से फायरिंग भी की। हमले के दौरान रवि किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर मोहन नगर स्थित एक पार्किंग स्टैंड में छिप गया और अपने भाई बंटी को फोन कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही बंटी मौके पर पहुंचा और घायल रवि को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वर्तमान में रवि का उपचार फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने बंटी की शिकायत पर रावण, राजा और कट्टपा सहित 10 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग